Homeकहानियाँडॉ. सालिम अली: 'बर्डमैन ऑफ इंडिया' जिन्होंने भारत को पक्षियों से रूबरू...
- Advertisement -

डॉ. सालिम अली: ‘बर्डमैन ऑफ इंडिया’ जिन्होंने भारत को पक्षियों से रूबरू कराया

अगर आज हम अपने आस-पास चहचहाने वाली पक्षियों के नाम, उनकी आदतें और उनके प्रवास के बारे में इतना कुछ जानते हैं, तो इसका सबसे बड़ा श्रेय एक ही इंसान को जाता है, डॉ. सालिम मोइज़ुद्दीन अब्दुल अली। दुनिया उन्हें ‘बर्डमैन ऑफ इंडिया’ (Birdman of India) के नाम से जानती है। वो सिर्फ एक पक्षी […]

- Advertisement -

अगर आज हम अपने आस-पास चहचहाने वाली पक्षियों के नाम, उनकी आदतें और उनके प्रवास के बारे में इतना कुछ जानते हैं, तो इसका सबसे बड़ा श्रेय एक ही इंसान को जाता है, डॉ. सालिम मोइज़ुद्दीन अब्दुल अली। दुनिया उन्हें ‘बर्डमैन ऑफ इंडिया’ (Birdman of India) के नाम से जानती है। वो सिर्फ एक पक्षी विज्ञानी या प्रकृतिवादी नहीं थे, बल्कि परिंदों के सच्चे दोस्त थे।

अगर डॉ. सालिम अली नहीं होते, तो शायद भारत में पक्षियों का कभी इतने व्यवस्थित तरीके से सर्वे ही नहीं हो पाता। वो देश के पहले ऐसे इंसान थे जिन्होंने पूरे भारत में घूम-घूम कर पक्षियों का गहन अध्ययन किया। उनकी लिखी किताबों ने भारत में ‘ऑर्निथोलॉजी’ (पक्षी-विज्ञान) की पूरी दिशा ही बदल कर रख दी। 27 जुलाई 1987 को मुंबई में 91 साल की उम्र में उन्होंने दुनिया को अलविदा कह दिया, लेकिन अपनी पीछे एक बहुत बड़ी विरासत छोड़ गए।

डॉ. सालिम अली
डॉ. सालिम अली (Dr. Salim Ali) – बर्डमैन ऑफ इंडिया

डॉ. सलीम अली के प्रारंभिक जीवन

डॉ. सालिम अली का जन्म 12 नवंबर 1896 को मुंबई के एक सुलेमानी बोहरा मुस्लिम परिवार में हुआ था। वो अपने माता-पिता की नौवीं और सबसे छोटी संतान थे। किस्मत ने उनके साथ बहुत छोटी उम्र में ही क्रूर मजाक किया। जब वो महज एक साल के थे, तब उनके वालिद मोइज़ुद्दीन चल बसे, और तीन साल की उम्र में उनकी अम्मी ज़ीनत का भी इंतकाल हो गया।

मासूम सालिम और उनके भाई-बहनों को उनके मामा अमिरुद्दीन तैयबजी और चाची हमीदा ने संभाला। उनका बचपन मुंबई के खेतवाड़ी इलाके में बीता। शुरुआती पढ़ाई मुंबई के सेंट जेवियर्स में हुई, लेकिन वहां उन्हें भयंकर सिरदर्द की बीमारी ने घेर लिया। इसके चलते उन्हें अक्सर स्कूल छोड़ना पड़ता था। हवा-पानी बदलने के लिए उन्हें सिंध (अब पाकिस्तान) में उनके एक चाचा के पास भेज दिया गया। काफी समय बाद जब वो मुंबई लौटे, तो जैसे-तैसे 1913 में उन्होंने बॉम्बे यूनिवर्सिटी से 10वीं की परीक्षा पास की।

पढ़ाई छोड़कर बर्मा के जंगलों में चले गए

10वीं के बाद उनका मन पढ़ाई से उचट गया। परिवार का ‘बुलफ्रेम माइनिंग’ और इमारती लकड़ियों का बिज़नेस था। उसे संभालने के लिए सालिम बर्मा (म्यांमार) चले गए। शायद नियति को कुछ और ही मंजूर था। बर्मा के घने जंगलों में बिजनेस से ज्यादा उनका ध्यान रंग-बिरंगे परिंदों पर रहता। वो घंटों उन्हें निहारते रहते। करीब सात साल वहां बिताने के बाद वो वापस मुंबई लौट आए। अब उन्हें अपनी जिंदगी का मकसद मिल चुका था।

उन्होंने पक्षी शास्त्र में बाकायदा ट्रेनिंग ली और ‘बॉम्बे नेचुरल हिस्ट्री सोसाइटी’ (BNHS) के म्यूज़ियम में बतौर गाइड काम करने लगे। लेकिन उनकी ज्ञान की प्यास यहां भी नहीं बुझी। कुछ और बेहतर सीखने की चाह में वो जर्मनी चले गए, जहां उन्होंने पक्षी विज्ञान में उच्च स्तर की ट्रेनिंग ली।

बर्मा के जंगलों में पक्षियों का अध्ययन
बर्मा के जंगलों में पक्षियों का अध्ययन

डॉ. सालिम अली कैसे बने भारत के ‘बर्डमैन’?

जर्मनी के बर्लिन यूनिवर्सिटी में मशहूर जीव वैज्ञानिक इरविन स्ट्रेसमैन से बारीकियां सीखने के बाद, 1930 में डॉ. सालिम अली वापस भारत लौट आए। यहां आकर उन्होंने पक्षियों पर जो काम शुरू किया, उसकी मिसाल मिलना मुश्किल है। लोग कहते थे कि डॉ. सालिम अली परिंदों की जुबान समझते थे। उन्होंने पक्षियों के विज्ञान को आम लोगों की समझ के करीब ला दिया। देश भर के जंगलों और बीहड़ों में खाक छानते हुए उन्होंने कई अहम खोजें कीं।

एक बहुत ही दिलचस्प वाकया कुमाऊं के तराई क्षेत्र का है। वहां से डॉ. सालिम अली ने ‘बया पक्षी’ की एक ऐसी प्रजाति ढूंढ निकाली जिसे वैज्ञानिक दुनिया लुप्त (Extinct) मान चुकी थी। इसी तरह, साइबेरियाई सारस को लेकर लोगों में भ्रम था कि वो मांसाहारी होते हैं। सालिम अली ने ही दुनिया को बताया कि वे मांसाहारी नहीं होते, बल्कि पानी के किनारे जमी काई और वनस्पतियां खाते हैं।

परिंदों को पकड़ने के 100 से ज्यादा नायाब तरीके

डॉ. सालिम अली कभी पक्षियों को नुकसान नहीं पहुंचाते थे। उन्हें बड़ी ही नरमी से पकड़ने के उनके पास 100 से भी ज्यादा तरीके थे। उन्होंने ‘गोंग एंड फायर’ और ‘डेक्कन विधि’ जैसी ऐसी तकनीकें ईजाद कीं, जिनका इस्तेमाल आज के पक्षी विज्ञानी भी करते हैं। आजादी के बाद भरतपुर पक्षी विहार (केवलादेव नेशनल पार्क) को स्थापित करने में उनकी सबसे अहम भूमिका रही।

सालिम अली द्वारा लिखी गई पक्षियों पर किताबें
सालिम अली द्वारा लिखी गई पक्षियों पर किताबें

डॉ. सालिम अली का लेखन और किताबें

डॉ. सालिम अली सिर्फ जंगलों में ही नहीं भटके, बल्कि उन्होंने अपने अनुभवों को पन्नों पर भी उतारा। उन्होंने कई बेहतरीन लेख लिखे। लेकिन उनकी सबसे बड़ी पहचान बनी उनकी किताब ‘द बुक ऑफ़ इंडियन बर्ड्स’। 1941 में छपी इस किताब ने उस समय बिक्री के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए थे।

इसके बाद उन्होंने एक और मास्टरपीस लिखा, ‘हैंडबुक ऑफ द बर्ड्स ऑफ़ इंडिया एंड पाकिस्तान’। इस किताब में पक्षियों की आदतों, उनके प्रवास और खूबियों-खामियों पर इतनी गहराई से जानकारी दी गई थी, जो पहले कभी नहीं लिखी गई। बाद में उन्होंने अपनी आत्मकथा ‘द फाल ऑफ़ ए स्पैरो’ (The Fall of a Sparrow) भी लिखी, जिसमें उनकी जिंदगी के कई अनछुए पहलू शामिल हैं।

सम्मान और पुरस्कार

पक्षी विज्ञान में उनके इस अभूतपूर्व योगदान को पूरी दुनिया ने सराहा। अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (AMU) और दिल्ली यूनिवर्सिटी ने उन्हें डॉक्टरेट की मानद उपाधि से नवाजा। भारत सरकार ने भी इस महान हस्ती को पूरा सम्मान दिया। 1958 में उन्हें ‘पद्म भूषण’ और 1976 में भारत के दूसरे सबसे बड़े नागरिक सम्मान ‘पद्म विभूषण’ से सम्मानित किया गया।

आज भी उनका नाम जिंदा है। बॉम्बे नेचुरल हिस्ट्री सोसाइटी और पर्यावरण मंत्रालय ने कोयंबटूर के अनैकट्टी में उनके सम्मान में ‘सालिम अली पक्षी विज्ञान एवं प्राकृतिक इतिहास केंद्र‘ (SACON) की स्थापना की है, जो आज भी उनके बताए रास्तों पर पक्षियों के संरक्षण का काम कर रहा है।


- Advertisement -

Follow on:

- Advertisement -

Stay Connected

280,000FansLike
4,380FollowersFollow
4,000SubscribersSubscribe

Must Read

- Advertisement -

सभी लेख पढ़ें

- Advertisement -